तेज रफ्तार मैजिक की चपेट में आया मासूम, गांव में मातम; चालक गिरफ्तार, वाहन सीज
ज्ञानपुर।
गोधना गांव में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गुरुवार सुबह अभिषेक सरोज का तीन वर्षीय बेटा युवराज घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान आरओ पानी की आपूर्ति कर लौट रहे तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम कई फीट दूर जा गिरा।
हादसे के बाद चालक मौके पर ही वाहन छोड़ने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मैजिक वाहन को सीज कर दिया। घायल युवराज को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवराज दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर का था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां रीना देवी बेहोश हो गईं, जबकि पिता अभिषेक सरोज का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है और परिजनों को सांत्वना देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुधवैं गांव निवासी मैजिक चालक राकेश कुमार पाल के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गांव के भीतर तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और स्पीड ब्रेकर लगाए जाने की भी मांग उठाई गई है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

