मनरेगा ग्रामीण परिवारों की जीवनरेखा, इसे समाप्त नहीं होने देंगे : दयाशंकर
महराजगंज।
कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत मंगलवार को औराई क्षेत्र के तिउरी गांव में जनजागरण चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और मनरेगा योजना को लेकर अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने और धीरे-धीरे समाप्त करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया गया।
मुख्य अतिथि एवं अभियान के को-ऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय ने चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा केवल रोजगार की योजना नहीं, बल्कि देश के गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों की जीवनरेखा है। उन्होंने कहा कि इस योजना से गांवों में पलायन रुका है और लाखों परिवारों को सम्मान के साथ जीवन यापन का अवसर मिला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बजट में कटौती, भुगतान में देरी और काम के अवसर घटाकर मनरेगा को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यह योजना गांवों को आत्मनिर्भर बनाती है और गरीबों को उनका हक दिलाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने मनरेगा के साथ खिलवाड़ जारी रखा तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक व्यापक आंदोलन करेगी।
जिला महासचिव अवधेश पाठक ने कहा कि मनरेगा के तहत मजदूरों को समय पर मजदूरी न मिलना गंभीर समस्या बन चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
वहीं मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्रा ने मनरेगा के सामने खड़े संकटों, सरकार की नीतियों और आंदोलन की आगामी रणनीति पर विस्तार से प्रकाश डाला।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं रखीं और मनरेगा के तहत काम बढ़ाने, भुगतान समय पर कराने तथा योजना को और मजबूत करने की मांग की।
कार्यक्रम में राजेश्वर दुबे, राजाराम दुबे, सत्येंद्र दूबे मन्ना, नाजिम अली, ओमप्रकाश मिश्रा, शिवशंकर मिश्रा, सोनू मिश्रा, राम सजीवन गौतम, कमलेश शुक्ला, निकित गौतम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


