77वें गणतंत्र दिवस पर दयालु का आह्वान—मिलकर बनाएं विकसित भारत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

समृद्ध भारत के निर्माण में सभी मिलकर करें काम : दयालु

ज्ञानपुर।
जिले में सोमवार को गणतंत्र दिवस की 77वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया तथा राष्ट्रीयता से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।

पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह की सराहना बटोरी।

आयुष मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे जीवंत और व्यापक संविधान है। भारतीयता हमारा धर्म है और संविधान हमारा ग्रंथ। उन्होंने कहा कि हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि मिलकर भारत गणराज्य को विकसित और समृद्ध बनाएंगे। उन्होंने सामाजिक, आर्थिक समानता और न्याय को हर नागरिक तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों की जानकारी देते हुए अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के सतत निर्वहन का आह्वान किया।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण कर संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण किया तथा दी सेंट्रल बार एसोसिएशन में भी ध्वजारोहण किया। जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शास्त्रीय धुनों पर वंदे मातरम्, राष्ट्रगान एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया तथा 100 शैय्या अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल एवं मिष्ठान वितरित किए।

एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य एवं एडीएम न्यायिक विजय नारायण सिंह ने जिला कारागार में ध्वजारोहण कर बंदियों को मिठाई वितरित की।

पुलिस लाइन में सेंट थॉमस स्कूल ज्ञानपुर, प्राथमिक विद्यालय घरांव, पूर्व माध्यमिक विद्यालय भुलईपुर सहित अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मंत्री एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला जज अखिलेश दूबे, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, भाजपा विधायक दीनानाथ भास्कर, निषाद पार्टी विधायक विपुल दूबे, सपा विधायक जाहिद बेग सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

विकास भवन में सीडीओ बाल गोविंद शुक्ला, कृषि भवन घरांव में डीडी कृषि अश्वनी सिंह, बीएसए कार्यालय में बीएसए शिवम पांडेय, डीआईओएस कार्यालय में डीआईओएस अंशुमान, अनुसूचित छात्रावास ज्ञानपुर में प्रभारी समाज कल्याण अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया, ज्ञानपुर तहसील में एसडीएम भान सिंह, औराई में श्याममणि त्रिपाठी तथा भदोही में अरुण गिरी द्वारा ध्वजारोहण किया गया।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles