दो महीने पहले लव मैरिज, अब पति का कत्ल: आईवीआरआई कर्मी की हत्या की पूरी कहानी
बरेली।
उत्तर प्रदेश में एक और सनसनीखेज पति हत्या का मामला सामने आया है। प्रेम-विवाह के महज दो महीने बाद आईवीआरआई (भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान) में संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। शुरू में परिवार और पुलिस ने इसे आत्महत्या माना, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी सच्चाई उजागर कर दी।
मृतक की पहचान इटावा जिले के थाना ऊसरहार क्षेत्र के गांव भाऊपुरा निवासी 33 वर्षीय जितेंद्र यादव के रूप में हुई है। जितेंद्र बरेली स्थित आईवीआरआई में संविदाकर्मी था और इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कैलाशपुरम में किराये के मकान में पत्नी ज्योति प्रजापति के साथ रह रहा था।
संपत्ति हड़पने के लिए प्रेमजाल का आरोप
मृतक के भाई अजय कुमार ने आरोप लगाया कि बरेली की दुर्गानगर कॉलोनी निवासी ज्योति प्रजापति ने संपत्ति हड़पने की नीयत से जितेंद्र को प्रेमजाल में फंसाया और करीब दो महीने पहले प्रेम-विवाह किया। शादी के बाद ज्योति अपने पिता कालीचरन, मां चमेली और भाई दीपक के साथ मिलकर जितेंद्र पर पुश्तैनी जमीन बेचने का दबाव बनाने लगी।
परिजनों के अनुसार, ज्योति मकान और कार खरीदने की जिद पर अड़ी थी। जितेंद्र जमीन बेचने को तैयार नहीं था और उसने इस बारे में अपनी मां व भाई से शिकायत भी की थी। उसने अनहोनी की आशंका भी जताई थी।
झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी
अजय कुमार का कहना है कि जितेंद्र के विरोध करने पर ज्योति उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी और दहेज के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी। परिजनों ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन ज्योति अपनी मांगों पर अड़ी रही।
आत्महत्या समझा गया मामला, पोस्टमार्टम ने खोली पोल
26 जनवरी को परिजनों को सूचना मिली कि जितेंद्र का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ है। शुरुआत में इसे आत्महत्या मानते हुए इज्जतनगर पुलिस ने पत्नी ज्योति और उसके परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने से पुलिस और परिवार दोनों हैरान रह गए। इसके बाद एसपी सिटी मानुष पारीक के निर्देश पर मामले में हत्या की धारा बढ़ाई गई।
पूछताछ जारी, साजिश की आशंका
इज्जतनगर इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी पत्नी ज्योति से पूछताछ शुरू कर दी है। उसके परिजनों को भी थाने बुलाया गया है। पुलिस का मानना है कि पहले जितेंद्र की गला दबाकर हत्या की गई और फिर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
विजातीय विवाह से नाराज थे परिजन
पुलिस जांच में सामने आया है कि जितेंद्र और ज्योति करीब सात साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन ज्योति के परिजन विजातीय विवाह से खुश नहीं थे। शादी के दो महीने के भीतर ही हत्या जैसी घटना कैसे हुई, इसे लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
फिलहाल मामले में पत्नी और उसके परिजनों की भूमिका को लेकर जांच जारी है और पुलिस जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का दावा कर रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
