डेढ़ साल से टूटी सड़क, आठ बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई मरम्मत, लोगों में रोष
सुरियावां: नगर के वार्ड नंबर 1, आंबेडकर नगर में रेलवे फाटक पश्चिम नंबर 42सी के उत्तर की सड़क पिछले डेढ़ साल से खराब स्थिति में है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से बार-बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
स्थानीय निवासी सुरेश उमरवैश्य, मनीष, राहुल साहू, आशीष मिश्रा और ज्ञानशील गुप्ता ने बताया कि यह सड़क रेलवे स्टेशन सुरियावां के पश्चिमी फाटक के उत्तर नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित है। सड़क पर बड़े और खतरनाक गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए चलना मुश्किल हो गया है।
यह सड़क मध्य बाजार फाटक गली, बताशा गली, चौक नगर पंचायत रोड होते हुए बाईपास रोड से जुड़ती है। इसके अलावा यह मार्ग थाना, पोस्ट ऑफिस, त्रिमुहानी गल्ला मंडी, पुरानी बाजार जैसी व्यस्त और महत्वपूर्ण जगहों से सीधे जुड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर दिन हजारों लोग इस सड़क से आवागमन करते हैं, लेकिन इसके टूटने के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कम से कम सात से आठ बार नगर पंचायत में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि मामले को संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रस्ताव बनाकर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।
स्थानीय लोग अब तत्काल मरम्मत और गड्ढों की भराई की मांग कर रहे हैं ताकि दैनिक आवागमन सुरक्षित हो सके।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

