तीन फर्म बनाकर डेढ़ करोड़ का माल मंगाया, भुगतान न करने पर व्यापारी को धमकी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तीन फर्म बनाकर मंगाया डेढ़ करोड़ का माल, भुगतान न करने पर दी धमकी

संचालक सहित चार पर प्राथमिकी दर्ज

भदोही।
भदोही जिले में व्यापारिक विश्वास को तोड़ने और संगठित ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन अलग-अलग फर्म बनाकर पंजाब की एक स्टील कंपनी से करीब 1.40 करोड़ रुपये का माल मंगाया गया, लेकिन भुगतान के नाम पर केवल 10 लाख रुपये ही दिए गए। शेष रकम मांगने पर व्यापारी को धमकी तक दी गई। मामले में फर्म संचालक समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के न्यू शास्त्री नगर, मंडी गोविंदगढ़ निवासी भुवनेश्वर कुमार शर्मा ने बताया कि उनकी फर्म माधो स्टील ट्रेडर्स लंबे समय से स्टील का कारोबार कर रही है। उनके अनुसार भदोही जनपद की स्टील उद्योग गिरिया (औराई) और खाटू स्टील उद्योग (चौरी बाजार) नामक फर्मों के संचालक प्रमोद गुप्ता उर्फ मनोज गुप्ता और साहू शिवाजी ने 14 अगस्त 2024 को बड़ी मात्रा में लोहे की सरिया व पाइप की खरीद की थी।

माल की कुल कीमत लगभग 1.40 करोड़ रुपये थी, लेकिन आरोपियों ने केवल 10 लाख रुपये का आंशिक भुगतान किया। बार-बार तकादा करने के बावजूद शेष रकम नहीं दी गई। पीड़ित के अनुसार जब वह स्वयं रुपये मांगने के लिए चौरी बाजार पहुंचे, तो वहां शिवाजी बाबा, मनीष गुप्ता, छोटेलाल साहू और मनोज गुप्ता ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित व्यापारी ने मामले को गंभीर बताते हुए इसकी शिकायत एडीजी जोन, वाराणसी से की। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लोग अलग-अलग नामों से कई फर्म बनाकर व्यापारियों से माल मंगाते हैं और बाद में भुगतान नहीं करते। ठगी उजागर होने पर वे खुद को राजनीतिक संरक्षण में बताते हुए विभिन्न दलों के नेताओं के साथ फोटो और वीडियो दिखाकर दबाव बनाते हैं।

मामले में एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आगे कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस तरह के अन्य मामलों में भी आरोपियों की संलिप्तता तो नहीं रही है।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles