मैं मजबूर हूं… बहनों को भेजा आखिरी मैसेज, संग्रह अमीन ने मां, पत्नी व दो बेटों की हत्या कर खुद भी दी जान
सहारनपुर।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। सरसावा थाना क्षेत्र की कौशिक विहार कॉलोनी में तैनात संग्रह अमीन ने अपनी मां, पत्नी और दो नाबालिग बेटों की गोली मारकर हत्या कर दी, इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। एक ही कमरे में परिवार के पांचों शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान अशोक राठी (40) के रूप में हुई है, जो नकुड़ तहसील में संग्रह अमीन के पद पर तैनात थे। उनकी मां विद्यावती (70), पत्नी अंजिता (35) और दो बेटे कार्तिक (16) व देव (13) की भी मौके पर ही मौत हो गई।
एक कमरे में पड़े मिले सभी के शव
मंगलवार सुबह अशोक राठी की बहन पिंकेश ने भाई को कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे प्रीत को घर भेजा। दरवाजा बंद मिलने पर परिजनों ने सीढ़ी लगाकर रसोई की खिड़की तोड़ी और अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए—एक ही कमरे में बिस्तर पर सभी के शव पड़े थे।
पोस्टमार्टम में गोली लगने की पुष्टि
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मां, पत्नी और दोनों बेटों के सिर व सीने में गोली लगने की पुष्टि हुई है। वहीं अशोक राठी के सीने और कनपटी में गोली लगी थी। मौके से तीन देसी पिस्टल और आठ से दस कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं।
अवसाद में था संग्रह अमीन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अशोक राठी लंबे समय से मानसिक अवसाद में था। घटना से पहले उसने कथित तौर पर बहनों को एक मैसेज भेजा था, जिसमें लिखा था— “मैं मजबूर हूं…”। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
उच्च अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी मनीष बंसल और एसएसपी आशीष तिवारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
किराए के मकान में रह रहा था परिवार
मूल रूप से नकुड़ तहसील के खारीबांस गांव निवासी अशोक राठी बीते दो साल से सरसावा में परिवार के साथ रह रहा था। पहले वह टीचर कॉलोनी में रहता था, बाद में कौशिक विहार कॉलोनी में अपने गांव के ही एक व्यक्ति के मकान में किराए पर शिफ्ट हुआ था।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
