नई बाजार में 52 लाख से बदलेगी सूरत, नाली-इंटरलॉकिंग व सड़क कार्य को मिली मंजूरी
नई बाजार। नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। 15वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त 52 लाख रुपये की धनराशि से नगर में नाली, इंटरलॉकिंग, सीसी रोड और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के पूरा होने से वर्षों से चली आ रही जलनिकासी और आवागमन की समस्याओं से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पंचायत कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बजट से 12 नई नालियों का निर्माण किया जाएगा, जबकि नौ पुरानी नालियों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके साथ ही छह स्थानों पर इंटरलॉकिंग सड़कें और दो सीसी रोड का निर्माण प्रस्तावित है। नगर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा, ताकि रात में लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
नगर में कुल 11 वार्ड हैं, जहां लगभग 22 से 25 हजार की आबादी निवास करती है। नगर प्रशासन की ओर से सभी वार्डों में समान रूप से मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में आजाद नगर, चांदनी चौक, गुलौरा, उत्तर फटका समेत अन्य मोहल्लों में निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
नगर पंचायत कार्यालय के सामने सड़क पर टूटी नाली का चैंबर लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। बारिश के दिनों में यहां जलभराव हो जाता था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब इस चैंबर को दुरुस्त कराए जाने से समस्या से निजात मिलेगी।
वहीं वार्ड संख्या आठ के गुलौरा बस्ती में जाने वाले मार्ग पर लगातार पानी भरा रहने से लोगों का आवागमन बाधित रहता है। इस मार्ग की नाली और सड़क व्यवस्था को सुधारने के बाद स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस संबंध में नगर पंचायत के ईओ सुजीत कुमार ने बताया कि शासन से 15वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त बजट का उपयोग नगर की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। प्राथमिकता उन स्थानों को दी जा रही है, जहां जलभराव, टूटी सड़कों और खराब नालियों की समस्या अधिक है। विकास कार्य पूरे होने के बाद नगर की साफ-सफाई, जलनिकासी और यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



