प्रायोगिक परीक्षा के अंक 10 जनवरी से होंगे अपलोड, फरवरी में दूसरे चरण की परीक्षा
ज्ञानपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट (कक्षा 12) की प्रायोगिक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिले में प्रायोगिक परीक्षाएं दूसरे चरण में 2 से 9 फरवरी के बीच आयोजित की जाएंगी। वहीं, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षा (आंतरिक मूल्यांकन) के अंक 10 जनवरी 2026 से ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे।
आंतरिक मूल्यांकन के अंतर्गत हाईस्कूल स्तर पर नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इंटरमीडिएट स्तर पर नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा विषयों के प्राप्तांक अपलोड किए जाएंगे। इसके लिए परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in को 10 जनवरी से सक्रिय किया जाएगा।
यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षा को लेकर जिले में 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 54,371 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परिषद के निर्देशानुसार मुख्य परीक्षा से पहले सभी विद्यालयों में प्री-बोर्ड और प्रायोगिक परीक्षाओं का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
परिषद द्वारा शेड्यूल जारी होते ही शिक्षा विभाग तैयारियों में जुट गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने विद्यालय में संपन्न आंतरिक मूल्यांकन के अंक निर्धारित तिथि के भीतर ही परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कराएं।
उन्होंने कहा कि अंक अपलोड करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी पाए जाने पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि अंक अपलोड करते समय पूरी सावधानी और शुद्धता बरती जाए, ताकि बाद में संशोधन की स्थिति न बने।
शिक्षा विभाग की ओर से यह भी संकेत दिए गए हैं कि प्रायोगिक परीक्षाओं के दौरान निगरानी व्यवस्था को मजबूत रखा जाएगा। परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा की जाएगी। वहीं, छात्रों को भी समय से अपने विद्यालय से संपर्क में रहकर प्रायोगिक एवं आंतरिक मूल्यांकन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने की सलाह दी गई है।
जिले में प्रायोगिक परीक्षाएं 2 से 9 फरवरी के मध्य दूसरे चरण में संपन्न कराई जाएंगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

