भदोही में दर्दनाक हादसा: पति के साथ शादी में जा रही महिला की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत, खुशियों के माहौल में छाया मातम
संवाददाता – सर्रोई (भदोही)
भदोही जिले के ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के असनाव बाजार में बुधवार की दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दंपती अपनी ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के महुलर दुबार गांव निवासी विश्राम मौर्य (44) अपनी पत्नी प्रेमा देवी (40) को लेकर कटेबना, लक्ष्मणपट्टी में स्थित ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान जब वे बभनौटी-ज्ञानपुर मार्ग पर स्थित असनाव बाजार के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से गुजर रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। विश्राम मौर्य सड़क के एक किनारे जा गिरे जबकि प्रेमा देवी सड़क की ओर गिर पड़ीं और ट्रैक्टर के पिछले पहिए की चपेट में आ गईं। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल विश्राम मौर्य को स्थानीय लोगों की मदद से भदोही के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही ज्ञानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद असनाव बाजार में अफरा-तफरी मच गई। वहीं शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम पसर गया।
मृतका के भाई अवधेश कुमार मौर्य ने ट्रैक्टर चालक नरेश कुमार निवासी मल्लूपुर के खिलाफ तहरीर दी है।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.


