दालमंडी में बढ़ा तनाव: नोटिस चस्पा, ड्रोन निगरानी जारी — चौड़ीकरण को लेकर व्यापारी और मकान मालिक आमने-सामने
वाराणसी। शहर के संवेदनशील क्षेत्र दालमंडी में मंगलवार को प्रशासनिक हलचल तेज रही। दालमंडी चौड़ीकरण के तहत अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की तैयारी के बीच प्रशासन और पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के साथ क्षेत्र में नोटिस चस्पा किए। वहीं, स्थानीय व्यापारी और निवासी सड़कों पर उतरकर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करते दिखे।
सुबह से ही एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी., एसीपी दशाश्वमेध शुभम सिंह, और बड़ी संख्या में पुलिस बल दालमंडी पहुंचे। इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। इसके साथ ही एडीएम आलोक वर्मा, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन के.के. सिंह, और वीडीए सचिव वेद प्रकाश मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की निगरानी की।
अधिकारियों ने चिन्हित भवनों पर नोटिस चस्पा करने की प्रक्रिया शुरू की, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल देखने को मिला। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और विरोधस्वरूप क्षेत्र में घूमकर नारेबाजी की। व्यापारियों का कहना है कि सरकार और प्रशासन बिना ठोस योजना और मुआवजे के लोगों को विस्थापित कर रही है।
वहीं, नई सड़क क्षेत्र में बीती रात जिस भवन को लेकर भवन स्वामी और प्रशासन के बीच विवाद हुआ था, उस भवन को भी नोटिस जारी किया गया।
सूत्रों के अनुसार, दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत कई पुराने भवनों और दुकानों को ध्वस्त किया जा सकता है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सभी प्रक्रियाएं नियमानुसार की जा रही हैं और किसी को भी बिना नोटिस के कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन जबरन कार्रवाई करता है, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और ड्रोन कैमरे से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.



