ज्ञानपुर में इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन, कहा— मतदाता सूची बने सटीक और निष्पक्ष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ज्ञानपुर। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी के बीच मतदाता सूची में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को इंडिया गठबंधन के नेताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत मतदाता सूची में गड़बड़ियों, नामों के विलोपन और त्रुटियों को लेकर उन्होंने निर्वाचन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।

गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी शैलेष कुमार को सौंपते हुए मांग की कि साल 2003 और 2025 की मतदाता सूची का बूथवार मिलान कर राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराया जाए। साथ ही आधार कार्ड या राशन कार्ड को पहचान के प्रमाण के रूप में स्वीकार कर मतदाता सूची में नाम शामिल करने का मानक बनाया जाए।

भदोही के सपा विधायक जाहिद बेग ने कहा कि कई जगहों पर पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जबकि कुछ मतदाताओं के नाम एक से अधिक जगह दर्ज हैं। ऐसे मामलों का पुनः सत्यापन कर नामों को सही तरीके से दर्ज किया जाए ताकि किसी भी नागरिक को मतदान से वंचित न होना पड़े।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता सूची की शुद्धता सबसे महत्वपूर्ण है। अगर सूची में त्रुटियां रहेंगी, तो चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग सकता है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता इंद्रदेव पाल ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है, इसलिए इसमें पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

सपा नेता राजेंद्र कुमार दुबे ने कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज होना सच्चे लोकतंत्र की पहचान है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि इंडिया गठबंधन द्वारा रखी गई सभी मांगों पर शीघ्र और ठोस कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि मतदाता सूची में विसंगतियों को दूर नहीं किया गया, तो आने वाले समय में जन आंदोलन छेड़ा जाएगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि इस बार जनता अपने मताधिकार से किसी भी हाल में वंचित नहीं रहेगी।

इस मौके पर शोभनाथ यादव, राजेंद्र दुबे राजन, धर्मेंद्र मिश्रा पप्पू, दीनानाथ दुबे, राजेश्वर दुबे, मुशीर इकबाल, सुरेश गौतम और हसनैन अंसारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी करते हुए सभी नेताओं ने मतदाता सूची में सुधार की मांग को लेकर जोरदार आवाज उठाई

Bharat Kranti News
Author: Bharat Kranti News

Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles