घोसियां की चेयरमैन नहीं बता सकीं वार्डों के नाम, डीएम के सख्त तेवर – प्रतिनिधियों पर भी चला गुस्सा
भदोही। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को आयोजित नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में प्रशासनिक अनुशासन और जिम्मेदारी का एक अलग ही दृश्य देखने को मिला। बैठक में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने निकायों की कार्यप्रणाली पर बारीकी से समीक्षा की। इसी दौरान घोसियां नगर पंचायत की चेयरमैन बेबी से जब नगर के वार्डों की संख्या और नाम पूछे गए, तो वह जवाब नहीं दे सकीं।
डीएम ने नाराज होते हुए कहा कि यह बेहद शर्मनाक स्थिति है कि कोई निर्वाचित प्रतिनिधि अपने नगर के वार्डों के नाम तक नहीं जानता। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनप्रतिनिधि को अपने क्षेत्र की हर समस्या, हर वार्ड और योजनाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए, तभी विकास कार्यों की सच्ची निगरानी हो सकती है।
मामला तब और गर्मा गया जब चेयरमैन की जगह उनके पति ने जवाब देने की कोशिश की। इस पर डीएम ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा —
“बैठकों में अब किसी भी जनप्रतिनिधि के पति या प्रतिनिधि को नहीं आने दिया जाएगा। निर्वाचित महिला प्रतिनिधि स्वयं उपस्थित हों और अपने क्षेत्र की जिम्मेदारी निभाएं।”
थोड़ी देर बाद चेयरमैन बेबी ने तबीयत खराब होने की बात कही, जिसके बाद डीएम ने उन्हें बैठने की अनुमति दी।
बैठक में जिलाधिकारी ने आगे निर्देश दिए कि नगर निकायों की शिकायतों का निस्तारण आईजीआरएस पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से किया जाए। सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, सीवर लाइन और निर्माण कार्यों से जुड़ी शिकायतें सबसे अधिक आ रही हैं। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर जिम्मेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगरीय निकाय) कुंवर वीरेंद्र मौर्य, गोपीगंज अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, ज्ञानपुर अध्यक्ष घनश्याम दास गुप्ता, सुरियावां अध्यक्ष विनय चौरसिया, नई बाजार अध्यक्ष निर्मला सोनकर, घोसियां चेयरमैन बेबी, भदोही अध्यक्ष अतहर अंसारी समेत कई निकायों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.


