जब पुलिस, डीएम और महिला आयोग सब चुप रहे – एक बेटी ने दम तोड़ दिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

“एक शिक्षिका की चीख, जो सिस्टम नहीं सुन सका – प्रिया दीक्षित की आत्महत्या ने हिला दी है इंसानियत”


5 महीने की शादी, हजारों सपने, और फिर मौत… आखिर क्यों टूटी प्रिया दीक्षित?

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। प्रिया दीक्षित, एक शिक्षित, मेहनती और हाल ही में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग में चयनित नवविवाहिता, ने आत्महत्या कर ली। उसकी मौत के साथ सिर्फ एक जीवन खत्म नहीं हुआ, बल्कि दहेज, उत्पीड़न और संवेदनहीन व्यवस्था की पोल भी खुल गई।


शादी को सिर्फ 5 महीने हुए थे… लेकिन रिश्तों की कब्रगाह बन चुका था ससुराल

प्रिया की शादी 10 दिसंबर 2024 को ठाकुरगंज निवासी शुभम टंडन से हुई थी, जो बाराबंकी के फतेह सराय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है। शादी के कुछ ही दिन बाद सास गीता टंडन, ससुर गिरधर नारायण टंडन और ननदें नेहा, प्रियंका और सोनी ने दहेज के ताने देने शुरू कर दिए।

धीरे-धीरे बात मारपीट और मानसिक उत्पीड़न तक पहुंची। मां-बाप से 6 लाख रुपये और SUV गाड़ी की मांग खुलेआम की गई। प्रिया के पिता दिनेश दीक्षित का कहना है, “मेरी बेटी सिर्फ ससुराल में रहना चाहती थी, बार-बार समझौता करना चाहा, लेकिन उन लोगों को सिर्फ पैसा चाहिए था।”


“भीख मांगती रही कि अंदर आने दिया जाए…” – बेटी को 6 घंटे तक घर के बाहर खड़ा रखा गया

3 फरवरी को जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई, तो प्रिया को घर से निकाल दिया गया। वह 6 घंटे तक घर के बाहर खड़ी रही, रोती रही, गिड़गिड़ाती रही। 112 पर कॉल करने के बाद ही पुलिस आई और उसे घर में घुसने दिया गया। इसके बाद बहाने से उसे मायके भेज दिया गया।


13 मई को FIR, 17 मई को धमकी – और फिर मौत

प्रिया ने 13 मई को पति और ससुरालवालों के खिलाफ FIR दर्ज कराई। 17 मई को महिला थाने में काउंसलिंग के लिए बुलाया गया, लेकिन वहां शुभम वकीलों की टीम लेकर पहुंचा और पुलिस हटते ही प्रिया से कहा –
“अगर मैं जेल गया तो तेरे बाप और भाइयों को मरवा दूंगा।”

प्रिया का भाई पीयूष दीक्षित बताता है कि बहन हर दिन टूट रही थी लेकिन फिर भी न्याय की उम्मीद लगाए बैठी थी।


सुसाइड नोट: “1 फरवरी को मेरी हत्या की कोशिश की गई”

प्रिया के दो पन्नों के सुसाइड नोट में ये साफ लिखा है –
“1 फरवरी को मेरे पति, सास और ससुर ने मिलकर तकिए से मुंह दबाकर मारने की कोशिश की थी। मैंने शिकायतें कीं, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। मैं अपनी जान देकर अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगा रही हूं।”


पुलिस ने जिनके खिलाफ केस दर्ज किया वो सभी फरार

ठाकुरगंज पुलिस ने प्रिया की लिखित शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर पति शुभम टंडन, सास गीता टंडन, ससुर गिरधर नारायण टंडन, ननदों नेहा कपूर, प्रियंका खत्री, श्वेता सोनी और उनके पतियों चेतन कपूर, हिमांशु खत्री, प्रत्यूष सोनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मगर चौंकाने वाली बात यह है कि सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस तलाश कर रही है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।


भारत क्रांति न्यूज़ की मांग:

  • सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी हो

  • सुसाइड नोट को हत्या के प्रयास और साजिश के तहत IPC की धाराओं में दर्ज किया जाए

  • लापरवाह पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई हो

  • महिला सुरक्षा और दहेज के मामलों में त्वरित न्याय प्रणाली की स्थापना हो


यह सिर्फ प्रिया की कहानी नहीं है, यह उन लाखों महिलाओं की चीख है जिन्हें सिस्टम आज भी “समझौता कर लो” कहकर चुप कराता है।

रिपोर्ट:  भारत क्रांति न्यूज़

Bharat Kranti News
Author: Bharat Kranti News

Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles