धनतेरस पर बाजारों में लगा रहा जाम, रूट डायवर्जन और पुलिस व्यवस्था बेअसर
ज्ञानपुर। धनतेरस के पर्व पर बाजारों में उमड़ी भीड़ के चलते जिले के प्रमुख बाजारों में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से किए गए इंतजाम नाकाफी साबित हुए। पुलिस ने ज्ञानपुर, गोपीगंज, भदोही समेत अन्य बाजारों में रूट डायवर्जन लागू करने और जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती का दावा किया था, लेकिन पर्व के दिन जमीनी स्थिति इसके विपरीत नजर आई।
बाजारों में बेतरतीब तरीके से खड़े किए गए वाहनों के कारण जगह-जगह जाम लगता रहा। ज्ञानपुर में दुर्गागंज तिराहे से शीतल पाल तिराहे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। वहीं, गोपीगंज के खरहट्टी मोहाल, सुरियावां की गल्ला मंडी और नेहरू नगर में भी दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।
इसके अलावा भदोही के अजीमुल्ला चौराहा और स्टेशन रोड समेत प्रमुख मार्गों पर भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा। पर्व पर खरीदारी के लिए निकले लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई। रूट डायवर्जन और पुलिस की तैनाती के बावजूद बाजारों में यातायात व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।