भदोही: दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप, पति समेत सात लोगों पर एफआईआर दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप, पति समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

अभोली (भदोही)। थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के छह अन्य लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, अश्लील वीडियो बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति राहुल कुमार बिंद समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता शिवकुमारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका विवाह आठ अक्टूबर 2024 को उगईपुरा निवासी राहुल कुमार बिंद के साथ हुआ था। शादी के दौरान मायके पक्ष की ओर से नकदी और उपहार दिए गए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति मोटरसाइकिल, रंगीन टीवी और सोने की चेन की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाने लगी।

महिला ने आरोप लगाया कि जेठ विनोद बिंद, कप्तान बिंद, गुड्डू बिंद और जेठानियां शकुंतला देवी, हीरावती बिंद व लक्ष्मना बिंद भी दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करती थीं। पीड़िता के मुताबिक, पति ने उसका और उसकी बहन का अश्लील वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम व फेसबुक पर साझा किया। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया है।

शिवकुमारी ने बताया कि बीते 23 सितंबर की रात करीब आठ बजे पति ने लात-घूंसों, बेलन और बेल्ट से उसकी पिटाई की, जिससे उसका दाहिना हाथ टूट गया। इसके बाद पांच अक्टूबर को भी उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि पति ने उसके कीमती गहने, साड़ी और अन्य कपड़े छीन लिए तथा घर से बाहर निकाल दिया।

पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर मायके के पास एक सुनसान स्थान पर धकेल दिया। इसके बाद उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

थानाध्यक्ष रमाकांत यादव ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles