भदोही: दो दिनों से स्थिर है दिन और रात का तापमान, सुबह-शाम बढ़ी ठंडक का अहसास
भदोही। जिले में पिछले दो दिनों से दिन और रात के तापमान में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं देखा जा रहा है। हालांकि, हवाओं में नमी बढ़ने के कारण सुबह और शाम ठंडक का अहसास होने लगा है। बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में 12 डिग्री का अंतर बना हुआ है।
दिन में तेज धूप निकलने के बावजूद सुबह और शाम चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़ रहे हैं। सुबह के समय हल्का कोहरा छा रहा है, जबकि नौ बजे के बाद धूप निकलने से मौसम साफ हो जा रहा है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। खासकर बच्चे सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में पुरवा हवाओं के साथ नमी बढ़ने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इससे धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ेगा।
वहीं, कृषि विशेषज्ञ डॉ. आरपी चौधरी ने बताया कि मौसम साफ होने के बाद किसान धान की कटाई और मड़ाई में तेजी से जुटे हैं। वर्तमान मौसम गेहूं और सरसों की बोआई के लिए अनुकूल है। तापमान स्थिर रहने से फसलों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।