भदोही: बीमारी अभी, सीटी स्कैन के लिए 12 दिन का इंतजार, मरीजों की बढ़ी मुश्किलें
ज्ञानपुर। जिले के सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल में सीटी स्कैन कराने के लिए मरीजों को करीब 12 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। मरीजों को जांच की जरूरत तत्काल होती है, लेकिन लंबी वेटिंग के कारण उन्हें निर्धारित तारीख तक इंतजार करने या दूसरे विकल्प तलाशने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है। करीब एक महीने से बनी इस स्थिति ने मरीजों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
अस्पताल में प्रतिदिन करीब 500 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। एक सप्ताह पहले तक यहां रोजाना लगभग 100 सीटी स्कैन जांच होती थीं, लेकिन अब यह संख्या घटकर औसतन 70 के आसपास रह गई है। इसके बावजूद जांच के लिए लंबी वेटिंग चल रही है।
शुक्रवार को अस्पताल पहुंचे मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए 26 और 28 अक्तूबर की तारीख दी गई। ऐसे में गंभीर बीमारी का पता लगाने वाली महत्वपूर्ण जांच के लिए मरीजों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ मरीजों को बिना जांच कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है।
इमरजेंसी मरीजों को प्राथमिकता
अस्पताल में इमरजेंसी के मरीजों का प्राथमिकता के आधार पर सीटी स्कैन किया जाता है। हालांकि, सामान्य प्रक्रिया के तहत जांच कराने वाले मरीजों को लंबी प्रतीक्षा सूची का सामना करना पड़ रहा है। सीटी स्कैन के जरिए सिर में चोट, दुर्घटना और अन्य गंभीर समस्याओं की पहचान करने में मदद मिलती है।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि सिर में चोट लगने, दुर्घटना, गंभीर दर्द या अन्य जटिल समस्याओं में चिकित्सक मरीज की स्थिति के अनुसार सीटी स्कैन कराने की सलाह देते हैं। ऐसी परिस्थितियों में समय पर जांच से बीमारी की पहचान और आगे के उपचार में मदद मिलती है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


