भदोही में साढ़े पांच घंटे बंद रहा पकरी रेलवे फाटक, स्टेशन रोड पर लगा भीषण जाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही में साढ़े पांच घंटे बंद रहा पकरी रेलवे फाटक, स्टेशन रोड पर लगा भीषण जाम

भदोही। नगर के पकरी रेलवे फाटक के सोमवार को साढ़े पांच घंटे तक बंद रहने से शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सुबह नौ बजे से दोपहर 2:30 बजे तक फाटक बंद रहने के कारण स्टेशन रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। फूलन देवी तिराहे से लिप्पन तिराहे तक घंटों जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान स्कूली बसों सहित दोपहिया और चारपहिया वाहन फंसे रहे। फाटक खुलने के बाद ही यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

अचानक बंद हुआ फाटक, लोगों को नहीं मिली जानकारी

रेलवे ट्रैक के रखरखाव के लिए पकरी रेलवे फाटक बंद किया गया था। फाटक बंद होने के कारण इस मार्ग से आने-जाने वाले वाहनों को स्टेशन रोड की ओर से गुजरना पड़ा। अचानक यातायात का दबाव बढ़ने से मुख्य मार्ग पर जाम लग गया। करीब एक घंटे तक वाहन रेंगते रहे, तब लोगों को पता चला कि रेलवे विभाग पटरियों के रखरखाव का काम कर रहा है।

जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि स्कूल बसों और सामान्य चारपहिया वाहनों के बीच दोपहिया वाहन फंस गए। इससे लोगों को निकलने तक का रास्ता नहीं मिल पा रहा था। लिप्पन तिराहे पर पहले से बनी रहने वाली जाम की समस्या ने स्थिति को और गंभीर कर दिया।

स्कूली बच्चे भी घंटों जाम में फंसे

पकरी रेलवे फाटक बंद होने का असर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर देखने को मिला। फूलन देवी तिराहे से लिप्पन तिराहे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसके अलावा गजिया ओवरब्रिज से मेन रोड और तकिया कल्लन शाह की ओर भी जाम की समस्या बनी रही।

जाम में फंसे व्यवसायी विजय चौरसिया ने बताया कि एक बार जाम में फंसने के बाद निकलना भी मुश्किल हो गया था। स्कूली बच्चे भी घंटों तक जाम में फंसे रहे। शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारों के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रेलवे का रूटीन चेकअप था: स्टेशन अधीक्षक

भदोही के स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह ने बताया कि जब ट्रेन एक पटरी से दूसरी पटरी पर जाती है, तो पटरी बदलने वाले मुख्य प्वाइंट को दुरुस्त किया जा रहा था। यह रेलवे का नियमित रखरखाव कार्य है। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर इस तरह के काम की पूर्व सूचना दी जाती है, लेकिन इस बार वाराणसी से टीम अचानक पहुंच गई, जिसके कारण पहले से सूचना नहीं दी जा सकी।

रेलवे फाटक सुबह नौ बजे से दोपहर 2:30 बजे तक बंद रहा। काम पूरा होने के बाद फाटक खोला गया, जिसके बाद यातायात बहाल हुआ।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles