80 लाख से बनेगी नई पुलिया, सड़क की भी होगी मरम्मत; 10 गांवों के लोगों को मिलेगी राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

80 लाख से बनेगी नई पुलिया, सड़क की भी होगी मरम्मत; 10 गांवों के लोगों को मिलेगी राहत

पीडीडीयू नगर। चकिया विकासखंड की फिरोजपुर ग्राम पंचायत में हाजीपुर से पाल बस्ती तक जाने वाली जर्जर सड़क और क्षतिग्रस्त पुलिया के दिन अब बहुरने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड की ओर से करीब 80 लाख रुपये की लागत से पुलिया और पहुंच मार्ग के निर्माण की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी गई है। शासन से स्वीकृति और बजट मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

करीब एक दशक से बदहाल है सड़क

हाजीपुर से पाल बस्ती तक जाने वाली सड़क करीब एक दशक से बदहाल है। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। आए दिन बाइक और साइकिल सवार गड्ढों में गिरकर चोटिल होते हैं। वहीं, मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी परिजनों को काफी दिक्कत होती है।

10 साल से क्षतिग्रस्त है पुलिया

सड़क पर बनी पुलिया भी करीब 10 वर्षों से क्षतिग्रस्त है। पुलिया की रेलिंग टूटकर गिर चुकी है, जबकि रैंप भी जर्जर हो गया है। रात के समय इस पुलिया से आवागमन करने में हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क और पुलिया के निर्माण की मांग कर रहे थे।

यह मार्ग चकिया-अहरौरा मार्ग को भीषमपुर होते हुए मिर्जापुर जिले के अदलहाट मार्ग से जोड़ता है। ऐसे में आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए यह प्रमुख संपर्क मार्ग है।

दस गांवों के लिए अहम है मार्ग

फिरोजपुर, टकटकपुर, सिताबे, भीषमपुर, हेतिमपुर, हाजीपुर सहित करीब 10 गांवों के लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क और पुलिया का निर्माण होने से ग्रामीणों को चकिया-अहरौरा मार्ग के साथ ही मिर्जापुर के अदलहाट क्षेत्र तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि फिरोजपुर ग्राम पंचायत में हाजीपुर से तड़ियापार होते हुए सिताबे मार्ग की पाल बस्ती तक जाने वाली सड़क और क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत के लिए कार्ययोजना शासन को भेज दी गई है। शासन से मंजूरी और बजट मिलने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles