जीरो कमीशन पर चलेगी भारत टैक्सी, चालकों को मिलेगी पांच लाख की सामाजिक सुरक्षा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने भारत टैक्सी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी जीरो कमीशन मॉडल पर संचालित होगी और इससे जुड़े वाहन चालकों को पांच लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिया जाएगा।
भारत टैक्सी के माध्यम से टैक्सी के अलावा दोपहिया और तिपहिया वाहन चालक भी पंजीकरण कराकर सेवा से जुड़ सकेंगे। शुरुआती चरण में लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में इसकी सेवा शुरू की गई है।
युवाओं के लिए रोजगार का माध्यम बनेगी भारत टैक्सी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत टैक्सी सिर्फ यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की सेवा नहीं है, बल्कि यह युवाओं के लिए रोजगार का माध्यम भी बनेगी। उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को भारत टैक्सी की तर्ज पर ग्रामीण बस सेवा को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की परिवहन व्यवस्था विकसित होने से बड़ी संख्या में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।
महाकुंभ में रैपिडो सेवा का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री ने प्रयागराज महाकुंभ-2025 के दौरान रैपिडो की सेवा का उदाहरण देते हुए कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं ने बाइक के माध्यम से श्रद्धालुओं को संगम, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक पहुंचाने में योगदान दिया। इससे यात्रियों को सुविधा मिली और यातायात व्यवस्था पर भी दबाव कम करने में मदद मिली।
किसानों को छह प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा ऋण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की भी शुरुआत की गई। योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से किसानों को मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 प्रतिशत से घटाकर छह प्रतिशत कर दी गई है।
किसानों को खेती-बाड़ी और कृषि मशीनरी के लिए दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार ने आने वाले वर्षों में पांच लाख लघु एवं सीमांत किसानों को योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में 86 लाख लघु एवं सीमांत किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऋण माफ किए गए हैं। करीब साढ़े नौ वर्षों में 24 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है। वहीं, 16 लाख से अधिक निजी ट्यूबवेल वाले किसानों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
नौ वर्षों में किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 122 चीनी मिलें संचालित हैं। इनमें 100 से अधिक मिलों से किसानों को चौथे दिन गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के 16 सहकारी बैंक निष्क्रिय हो गए थे, जबकि अब इनमें से 15 बैंक फिर से मुनाफे में आ चुके हैं।
उन्होंने बताया कि सहकारिता क्षेत्र से 54 लाख नए सदस्य जुड़े हैं। पैक्स की ब्याज मुक्त कैश क्रेडिट सीमा भी 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दी गई है।
पोर्टल और मोबाइल एप की शुरुआत
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि पोर्टल एप, उर्वरक मोबाइल एप और कोऑपरेटिव डाटा सेंटर एवं मोबाइल एप का शुभारंभ किया।
इस दौरान पांच सारथियों को भारत टैक्सी के शेयर प्रमाण पत्र और पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने भारत टैक्सी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

