एक से 31 अक्तूबर तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान
ज्ञानपुर। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में एक से 31 अक्तूबर तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 से 31 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले दस्तक अभियान की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, शिक्षा और पंचायत राज समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को माइक्रोप्लान तैयार कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या कमी मिलने पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्ययोजना बनाकर काम करें। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी अधिकारी अपने निर्धारित दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें।
उन्होंने डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान बुखार, कुपोषण और अन्य बीमारियों से संबंधित लक्षण वाले बच्चों एवं परिवारों की पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तालाबों, नालों और नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराने तथा कूड़े-कचरे का समुचित निस्तारण कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी विभाग संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए निर्धारित जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से पूरा करें।
डीएम ने डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ एवं पार्थ संगठन के डाटा और ब्लॉक स्तर के डाटा में किसी भी तरह का मिसमैच मिलने पर तत्काल सत्यापन कराकर आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी टीमों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
बैठक में सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने भरोसा दिलाया कि डॉक्टर, चिकित्सा कर्मी, आशा एवं एएनएम अपने सभी निर्धारित दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर सीडीओ बाल गोविंद शुक्ला, डीपीआरओ संजय मिश्रा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।




