सेवा संकल्प अभियान: पुलिस लाइन और इंटर कॉलेज में झाड़ू लगाकर की सफाई, दिया स्वच्छता का संदेश
ज्ञानपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को ज्ञानपुर में विशेष श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। पुलिस लाइन तथा विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों ने झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
अभियान में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी और मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने श्रमदान करते हुए परिसर में फैली गंदगी को साफ किया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी
इस दौरान लोगों से अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति, संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। समाज का हर व्यक्ति अपने घर के साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों की सफाई के प्रति जागरूक होगा, तभी स्वच्छ और स्वस्थ समाज की परिकल्पना साकार हो सकेगी।
कूड़ा और प्लास्टिक उचित स्थान पर डालने की अपील
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन का आधार है। स्वच्छता का सीधा संबंध स्वास्थ्य, पर्यावरण और जीवन की गुणवत्ता से है। साफ-सुथरे वातावरण में बीमारियों का खतरा कम होता है और लोगों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने नागरिकों से कूड़ा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट का उचित तरीके से निस्तारण करने की अपील की।
श्रमदान के बाद किया पौधारोपण
विशेष श्रमदान अभियान के बाद परिसर में पौधारोपण भी किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से लोगों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



