स्टेशन रोड पर जलभराव की समस्या से मिलेगी निजात, 25 लाख से बनेगी नाली
गोपीगंज। नगर के स्टेशन रोड पर लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या से अब लोगों को निजात मिलने की उम्मीद है। यहां करीब 25 लाख रुपये की लागत से 100 मीटर लंबी नाली का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
गोपीगंज नगर में 25 वार्ड हैं और करीब सवा लाख की आबादी निवास करती है। नगर क्षेत्र में इंटरलॉकिंग, नाली समेत विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। हालांकि स्टेशन रोड पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी।
बरसात के दिनों में सड़क पर पानी जमा होने के साथ ही कई बार दुकानों और घरों में भी पानी घुस जाता था। इससे स्थानीय दुकानदारों, लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्टेशन रोड पर रोजाना सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है।
स्थानीय लोगों ने जलभराव की समस्या को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष से नाली निर्माण की मांग की थी। इसके बाद बोर्ड की बैठक में नाली निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। सभासदों के अनुमोदन के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। बजट की स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि नाली निर्माण के लिए बजट की स्वीकृति मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। नाली बनने के बाद स्टेशन रोड पर जलनिकासी की समस्या दूर होने की उम्मीद है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

