औराई फ्लाईओवर के पास हाईवे पार कर रहे मजदूर की वाहन की टक्कर से मौत
औराई। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर औराई फ्लाईओवर के पूर्वी छोर के पास सोमवार देर शाम सड़क दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब मजदूर पैदल हाईवे की उत्तरी लेन पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय पप्पू वनवासी निवासी कंसापुर, महराजगंज के रूप में हुई है। बताया गया कि पप्पू गोपीगंज से मजदूरी कर देर शाम औराई लौट रहे थे। फ्लाईओवर के पूर्वी छोर पर वह पैदल हाईवे पार कर रहे थे, तभी एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पप्पू वनवासी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर औराई पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से उन्हें औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक विजय प्रसाद गुप्ता ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
छह बेटों का करते थे भरण-पोषण
पप्पू वनवासी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके छह बेटे हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।






