10 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर परवेज आलम गिरफ्तार
भदोही। कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को 10 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर परवेज आलम को स्टेशन रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, परवेज आलम के खिलाफ गिरोह बनाकर धोखाधड़ी, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। आरोप है कि सात सितंबर 2025 को उसने एक व्यक्ति से करीब 80 हजार रुपये कीमत के स्वेटर और कंबल उधार लिए थे। इसके अलावा पीवीसी पैनल की एजेंसी दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये लिए गए, लेकिन रकम वापस नहीं की गई।
मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस के सामने आया कि आरोपी एक संगठित गिरोह बनाकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि बृहस्पतिवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बाजार सरदार खां निवासी परवेज आलम को स्टेशन रोड से गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





