आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का बढ़ा मानदेय, अब 12 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का बढ़ा मानदेय, अब 12 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे

भदोही। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी घोषणा की है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने देखा। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 6 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को अब कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ भी मिलेगा। इसके साथ ही प्रत्येक वर्ष तीन साड़ियों के लिए 1,500 रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी। सरकार की ओर से की गई इन घोषणाओं से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं में खुशी का माहौल है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियां सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को सम्मानित भी किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।

बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई

कार्यक्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की गतिविधियों के तहत बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। वहीं गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी पूरी कराई गई। इस दौरान पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।

जिले में संचालित हैं 1,492 आंगनबाड़ी केंद्र

जिलाधिकारी ने बताया कि भदोही जिले में वर्तमान में 1,492 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को पोषण संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जिले में सैम-मैम श्रेणी के बच्चों की संख्या में भी कमी आई है और वर्तमान में यह संख्या घटकर 1,620 रह गई है।

प्रशासन की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और कुपोषण की स्थिति में और सुधार लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles