भदोही में चीनी के थोक और फुटकर प्रतिष्ठानों पर स्टॉक की जांच, तय सीमा से अधिक भंडारण नहीं मिला
भदोही, 03 सितंबर 2026। शासन के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी शैलेष कुमार के मार्गदर्शन में जिले में चीनी के थोक एवं फुटकर विक्रेताओं तथा बड़े उपभोक्ता प्रतिष्ठानों पर स्टॉक की जांच की गई। इसके लिए क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, विपणन निरीक्षक और पूर्ति निरीक्षकों की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं।
टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर उपलब्ध चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। तहसील ज्ञानपुर के गोपीगंज गल्ला मंडी में पांच और जंगीगंज में तीन प्रतिष्ठानों, तहसील औराई में एक तथा तहसील भदोही में चार प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान पर शासन द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं पाया गया। अधिकारियों ने संबंधित व्यापारियों को स्टॉक संबंधी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को स्टॉक अपडेट करना अनिवार्य
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के तहत सभी संबंधित डीलरों और बड़े उपभोक्ताओं को foodstock.dfpd.gov.in पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य है। इसके साथ ही प्रत्येक शुक्रवार को अपने प्रतिष्ठान में उपलब्ध चीनी के स्टॉक की स्थिति पोर्टल पर अपडेट करनी होगी।
नियमों के अनुसार किसी भी डीलर द्वारा स्टॉक प्राप्त होने की तारीख से 30 दिन से अधिक अवधि का चीनी स्टॉक नहीं रखा जा सकेगा। वहीं, किसी भी स्थान पर एक समय में 4000 कुंतल से अधिक चीनी का भंडारण नहीं किया जा सकेगा।
बड़े उपभोक्ताओं के लिए भी स्टॉक सीमा तय
बड़े उपभोक्ताओं द्वारा कच्चे माल के रूप में उपयोग या उपभोग के लिए 100 कुंतल चीनी का 15 दिन से अधिक का स्टॉक नहीं रखा जा सकेगा। निर्धारित स्टॉक सीमा और अवधि से संबंधित यह व्यवस्था 30 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रतिष्ठान पर निर्धारित मात्रा अथवा अवधि से अधिक चीनी का भंडारण पाया गया या अन्य किसी प्रकार की अनियमितता सामने आई तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित व्यापारियों एवं बड़े उपभोक्ताओं से शासन द्वारा निर्धारित स्टॉक सीमा और अन्य नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


