गंगा का जलस्तर 78 मीटर के पार, नागा बाबा और उड़िया आश्रम तक पहुंचा बाढ़ का पानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नागा बाबा और उड़िया आश्रम तक पहुंचा गंगा का पानी, 78 मीटर के पार पहुंचा जलस्तर

भदोही। गंगा के जलस्तर में एक बार फिर तेजी से बढ़ोतरी शुरू हो गई है। केंद्रीय जल आयोग के सीतामढ़ी मीटर गेज पर बुधवार शाम छह बजे गंगा का जलस्तर 78.110 मीटर दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक जलस्तर है। जलस्तर बढ़ने के साथ इटहरा के पश्चिम वाहिनी गंगा तट स्थित नागा बाबा आश्रम के समीप बाढ़ का पानी पहुंच गया है। वहीं, सीतामढ़ी स्थित उड़िया बाबा आश्रम की नींव तक भी पानी पहुंच गया है। इससे तटवर्ती और कटान प्रभावित गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है।

चार से पांच सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा पानी

जिले में पिछले कई दिनों से गंगा के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार को जलस्तर पहले स्थिर रहा और बाद में करीब 20 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई थी। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हो रही भारी बारिश का पानी गंगा में पहुंचने के बाद बुधवार सुबह से जलस्तर में तेजी से वृद्धि शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि गंगा का जलस्तर करीब चार से पांच सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। इसके चलते जलस्तर 78 मीटर के पार पहुंच गया है। इटहरा, छेछुआ और भुर्रा समेत अन्य कटान प्रभावित गांवों के किसानों को अब गंगा कटान की चिंता सताने लगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर बढ़ने का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो अगले एक-दो दिनों में कोनिया क्षेत्र के इन गांवों में कटान शुरू हो सकता है। बाढ़ और कटान की आशंका को देखते हुए ग्रामीण नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

78 मीटर के पार पहुंचते ही शुरू हो जाता है कटान

गंगा का जलस्तर अभी चेतावनी बिंदु से करीब दो मीटर नीचे है, लेकिन इटहरा, छेछुआ और भुर्रा क्षेत्र को अति संवेदनशील माना जाता है। ग्रामीणों के अनुसार यहां गंगा का जलस्तर 78 मीटर के पार पहुंचते ही उपजाऊ भूमि कटकर नदी में समाने लगती है।

पूर्व के वर्षों में गंगा कटान के कारण क्षेत्र के 15 से 20 किसानों की कई बिस्वा उपजाऊ जमीन नदी में समा चुकी है। ऐसे में जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

22 बाढ़ चौकियां सक्रिय, कंट्रोल रूम में टीमें तैनात

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती इलाकों में बनाई गई 22 बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। भदोही कलेक्ट्रेट स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष में भी टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन की ओर से बाढ़ और जलभराव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

बाढ़ या जलभराव से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में लोग 05414-250223 और 05414-250308 पर संपर्क कर सकते हैं।

तहसीलदार अजय सिंह ने बताया कि सभी बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं और वहां सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में लोग कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।

विभागीय टीमें अलर्ट

सुधीर कुमार पाल, एक्सईएन, नहर ने बताया कि सभी बाढ़ चौकियों पर टीमें अलर्ट हैं। विभागों की ओर से व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी गई हैं। गंगा का जलस्तर करीब पांच सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। बुधवार को जलस्तर 78.110 मीटर दर्ज किया गया। नदी के जलस्तर और अन्य गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles