गुलालपुर में आयोजित हुई कबड्डी प्रतियोगिता, बजरंग स्पोर्टिंग क्लब ने जीता खिताब
औरंगाबाद की टीम रही उपविजेता, 1600 मीटर दौड़ में माताचरण बिंद ने हासिल किया प्रथम स्थान
महराजगंज/औराई। औराई विकासखंड के महराजगंज क्षेत्र स्थित गुलालपुर में श्री हनुमंत स्पोर्टिंग क्लब गुलालपुर की ओर से कबड्डी एवं दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न टीमों और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों के साथ स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता का उद्घाटन औराई ब्लॉक प्रमुख बृजमोहन मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों में खेल भावना के साथ-साथ आपसी भाईचारे का विकास होता है। उन्होंने कहा कि भदोही खेल के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बना रहा है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं का भी महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने कहा कि खेल बच्चों और युवाओं को जागरूक, अनुशासित और जिम्मेदार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचीं सपा नेत्री अंजनी सरोज ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए खेल के प्रति लगन और ईमानदारी ही खिलाड़ी की असली पूंजी है। उन्होंने खेल मैदान के निर्माण एवं विकास के लिए सहयोग का आश्वासन भी दिया।
बजरंग स्पोर्टिंग क्लब ने जीता कबड्डी का खिताब
कबड्डी प्रतियोगिता में दर्जनों टीमों ने हिस्सा लिया। विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद बजरंग स्पोर्टिंग क्लब ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। वहीं औरंगाबाद की टीम उपविजेता रही।
1600 मीटर दौड़ में माताचरण बिंद प्रथम
दौड़ प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। माताचरण बिंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1600 मीटर की दौड़ महज 4 मिनट 26 सेकंड में पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर श्री हनुमंत स्पोर्टिंग क्लब गुलालपुर की ओर से विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



