बाइक सवार कपड़ा व्यवसायी को पिकअप ने 50 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत
मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के विसुंदरपुर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज के पास मंगलवार रात करीब आठ बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से साड़ी खरीदकर बाइक से लौट रहे कपड़ा व्यवसायी की सामने से आ रही पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। टक्कर के बाद पिकअप उन्हें करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में बाइक पर सवार उनका साथी भी घायल हो गया।
घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने गुरसंडी चौकी के पास पिकअप को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक की तलाश की जा रही है।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के नीबी गहरवार गांव निवासी दीपेश कुमार दुबे (42) पिछले करीब पांच वर्षों से शहर कोतवाली क्षेत्र के महुवरिया मोहल्ले में कपड़े की दुकान चलाते थे। वह कटरा कोतवाली क्षेत्र के मकरीखोह मोहल्ले में किराये के मकान में परिवार के साथ रहते थे।
मंगलवार को दीपेश अपने एक साथी के साथ बाइक से वाराणसी साड़ी खरीदने गए थे। वहां ऑर्डर देने के बाद दोनों बाइक से मिर्जापुर लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे विसुंदरपुर आदर्श इंटर कॉलेज के पास पहुंचने पर सामने से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप दीपेश को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।
हादसे में दीपेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद दोनों घायलों को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दीपेश को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, दीपेश दो भाइयों में छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। चचेरे भाई रवि दुबे ने आरोप लगाया कि पिकअप चालक और खलासी नशे की हालत में थे।
शहर कोतवाल दयाशंकर ओझा ने बताया कि हादसा करने वाली पिकअप को कब्जे में लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चालक की तलाश की जा रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
