सीआरपीएफ जवान का पार्थिव शरीर पहुंचा, नम आंखों से दी अंतिम विदाई
सुरियावां। असम में प्रशिक्षण के दौरान सीआरपीएफ जवान बृजेश मौर्य की बीमारी से हुई असामयिक मौत के बाद कसियापुर गांव में शोक की लहर है। सोमवार भोर करीब साढ़े तीन बजे जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर आंख नम थी और पूरा माहौल गमगीन रहा।
कसियापुर निवासी श्याम नारायण मौर्य के दो बेटों में बृजेश छोटा था। करीब छह महीने पहले उसका चयन सीआरपीएफ में हुआ था। असम में प्रशिक्षण के दौरान शनिवार को बीमारी के चलते उसकी मौत हो गई। रविवार भोर में सेना के वाहन से पार्थिव शरीर गांव पहुंचा।
जवान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और अधिकारी पहुंचे। ग्रामीणों ने डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग की। इसके बाद डीएम शैलेष कुमार और एसपी अभिनव त्यागी भी गांव पहुंचे। अधिकारियों के पहुंचते ही ग्रामीणों ने जवान को श्रद्धांजलि दी।
ग्रामीणों ने रखीं पांच मांगें
ग्रामीणों ने जवान के सम्मान और परिवार के हित में पांच मांगें रखीं। इनमें कसियापुर से देवी मंदिर मार्ग का नामकरण बृजेश मौर्य के नाम पर करने, परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने, पांच करोड़ रुपये मुआवजा देने, पीएचसी का नाम जवान के नाम पर करने और शहीद पार्क का निर्माण कराने की मांग शामिल रही।
ज्ञानपुर के निषाद पार्टी विधायक विपुल दूबे और अधिकारियों ने ग्रामीणों को मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे तक शव रोके जाने के बाद राजकीय सम्मान के साथ रामपुर घाट पर जवान का अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान एसडीएम अरुण दीक्षित, भरत राज सिंह, अरुण मौर्य, ओम प्रकाश यादव, जगजीवन राम मौर्य, वन शुक्ला, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, ताड़कनाथ सरोज समेत कई लोग मौजूद रहे। गांव की गलियां श्रद्धांजलि के नारों और परिजनों की सिसकियों से गूंजती रहीं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।