पांच पुलिसकर्मी निलंबित, छेड़खानी पीड़िता और मां से अभद्रता पर उपनिरीक्षक पर कार्रवाई
भदोही। कार्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और भ्रष्ट आचरण के मामले में पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने तीन उपनिरीक्षकों समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इनमें छेड़खानी की पीड़िता किशोरी और उसकी मां से अपशब्द कहने वाले उपनिरीक्षक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अधीनस्थ पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर नजर रखने और लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शिकायत के बाद भी नहीं की प्रभावी कार्रवाई
सदर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक श्याम नारायण यादव के खिलाफ एक गांव की किशोरी से छेड़खानी के मामले में कार्रवाई की गई। आरोप है कि लिखित शिकायत मिलने के बाद भी उन्होंने मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई। वहीं पीड़िता और उसकी मां से अपशब्द कहे। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर एसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया।
विवेचनाओं में लापरवाही पर कार्रवाई
औराई कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक विष्णुकांत मिश्रा पर विवेचनाओं के निस्तारण और लंबित विवेचनाओं के संबंध में उच्चाधिकारियों के निर्देशों का अपेक्षित अनुपालन नहीं करने का आरोप था। जांच में लापरवाही सामने आने के बाद उन्हें भी निलंबित किया गया।
चौरी थाने में तैनात उपनिरीक्षक महेंद्र राम पर पंजीकृत मुकदमे में अपहृता की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर प्रभावी विवेचनात्मक कार्रवाई नहीं करने तथा मामले में अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं बरतने का आरोप था। जांच के बाद उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।
जमीन के मामले में अवैध हस्तक्षेप का आरोप
ऊंज थाने में तैनात मुख्य आरक्षी नगेंद्र कुमार गौतम और आरक्षी सुनील कुमार का इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो क्लिप प्रसारित हुआ था। इसमें दोनों पुलिसकर्मी जमीन से जुड़े एक प्रकरण में कथित तौर पर अवैध तरीके से हस्तक्षेप करते दिखाई दिए। जांच में दोनों की संलिप्तता सामने आने के बाद एसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया।
लापरवाही पर निलंबन के साथ एफआईआर की चेतावनी
एसपी अभिनव त्यागी ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी में लापरवाही, उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना, विवेचनाओं में शिथिलता या पद का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में निलंबन के साथ प्राथमिकी भी दर्ज कराई जा सकती है। एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।