एक्सईएन ज्ञानपुर का सीयूजी नंबर एक घंटे तक रहा कवरेज क्षेत्र से बाहर, बिजली संकट में उपभोक्ता बेहाल
भदोही। जिले में भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ाती नजर आ रही है। लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज, ट्रिपिंग और ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाओं से उपभोक्ता परेशान हैं। हालात ऐसे हैं कि शिकायत दर्ज कराने के लिए जारी बिजली विभाग के सीयूजी नंबर भी कई बार बंद या कवरेज क्षेत्र से बाहर मिल रहे हैं। बुधवार को एक्सईएन ज्ञानपुर का सीयूजी नंबर करीब एक घंटे तक कवरेज क्षेत्र से बाहर रहा, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी गई।
जिले में ज्ञानपुर और भदोही दो डिवीजन के जरिए 29 उपकेंद्रों और 98 फीडरों से करीब 2.48 लाख उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर उपभोक्ता विभागीय अधिकारियों, एसडीओ और जेई को फोन कर शिकायत दर्ज कराते हैं, लेकिन अब शिकायत सुनने वाले नंबरों पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि घंटों बिजली गायब रहने के बावजूद विभागीय अधिकारी फोन नहीं उठाते, जिससे समस्या और बढ़ जाती है।
बुधवार को संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने शाम के समय बिजली निगम के विभिन्न अधिकारियों के सीयूजी नंबरों पर कॉल कर वास्तविक स्थिति जानने की कोशिश की। इस दौरान कई अधिकारियों ने फोन उठाकर जानकारी दी, जबकि कुछ नंबर बंद, इंगेज या कवरेज क्षेत्र से बाहर मिले।
पड़ताल में सामने आई स्थिति
- अधीक्षण अभियंता ने फोन उठाकर बिजली आपूर्ति को लेकर जानकारी दी।
- एक्सईएन भदोही ने कॉल रिसीव कर विभागीय कार्यों के बारे में बताया।
- एक्सईएन ज्ञानपुर का मोबाइल तीन बार प्रयास के बावजूद कवरेज क्षेत्र से बाहर बताता रहा।
- जेई गोपीगंज और जेई ज्ञानपुर ने फोन रिसीव नहीं किया।
- सीतामढ़ी जेई का मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
- मिश्राइनपुर जेई का नंबर लगातार इंगेज बताता रहा।
- वहीं एसडीओ गोपीगंज, एसडीओ ज्ञानपुर, जेई लालानगर और चकापुर जेई ने कॉल रिसीव कर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं और रोस्टर संबंधी जानकारी दी।
भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी
इन दिनों तापमान बढ़ने के साथ बिजली की मांग भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। कई इलाकों में घंटों कटौती होने से लोगों को रात भर जागकर समय बिताना पड़ रहा है। लो वोल्टेज के कारण कूलर, पंखे और अन्य उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद कई-कई दिन तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पा रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि जब विभागीय अधिकारियों के नंबर ही बंद या पहुंच से बाहर रहेंगे तो आम लोग अपनी समस्या किससे बताएंगे। लोगों ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण की मांग की है।
अधीक्षण अभियंता ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
अधीक्षण अभियंता राधेश्याम ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान बिजली आपूर्ति बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे सीयूजी नंबर चालू रखें और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी फोन रिसीव नहीं कर रहा या बैक कॉल भी नहीं कर रहा है तो उससे जवाब तलब किया जाएगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





