आईफोन जीतने का झांसा देकर युवक से 80 हजार की साइबर ठगी, पुलिस ने लौटाए 66,400 रुपये
भदोही जिले में साइबर अपराधियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। आए दिन लोग ऑनलाइन ठगी का शिकार हो रहे हैं। इसी कड़ी में सुरियावां थाना क्षेत्र के एक युवक को आईफोन जीतने का लालच देकर साइबर ठगों ने 80 हजार रुपये से अधिक की चपत लगा दी। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली और खाते में 66,400 रुपये वापस करा दिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरियावां कोतवाली क्षेत्र के भिखमापुर गांव निवासी शुभम मौर्या के मोबाइल पर एक लिंक और मैसेज भेजा गया, जिसमें उन्हें आईफोन जीतने की जानकारी दी गई। ठगों ने युवक को विश्वास में लेते हुए प्रोसेसिंग फीस, टैक्स और अन्य चार्ज के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से कुल 80,001 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।
कुछ देर बाद जब युवक को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ तो उसने तत्काल सुरियावां कोतवाली स्थित साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर टीम हरकत में आ गई। पुलिस ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से पीड़ित के खाते और जिस खाते में पैसा भेजा गया था, उसे होल्ड कराया।
साइबर टीम की तत्परता का परिणाम रहा कि ठगी गई रकम में से 66,400 रुपये सफलतापूर्वक शुभम मौर्या के खाते में वापस करा दिए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित और उसके परिवार ने राहत की सांस ली।
प्रभारी निरीक्षक मनीष द्विवेदी ने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि पीड़ित तुरंत शिकायत दर्ज कराता है तो रकम वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक, ऑनलाइन ऑफर, लॉटरी, गिफ्ट या सोशल मीडिया पर मिलने वाले लालच में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





