कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सम्पन्न हुई बकरीद की नमाज, प्रशासनिक अधिकारियों ने किया लगातार भ्रमण
भदोही, 28 मई 2026।
जनपद भदोही में ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के संयुक्त निर्देशन में जिलेभर के नमाज स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल तथा समस्त क्षेत्राधिकारीगण के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संवेदनशील स्थानों पर रूफ टॉप ड्यूटी लगाई गई, जहां से पुलिस कर्मी लगातार निगरानी करते रहे। इसके अलावा ड्रोन एवं पैदल गश्त के माध्यम से भी कई स्थानों पर गतिविधियों पर नजर रखी गई।
जनपद के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अधिकारियों ने धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा ड्यूटी में लगे कर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। नमाज के दौरान सभी प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखा गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
त्योहार के अवसर पर प्रशासन द्वारा लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ, जो जनपद की सामाजिक एकता और सौहार्द का प्रतीक है।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने समस्त जनपदवासियों को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन भविष्य में भी इसी तरह शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की तत्परता, अनुशासन एवं सूझबूझ की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।






