रेललाइन पार करते समय दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
सराय जगदीश रेलवे स्टेशन के पास हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जंगीगंज/भदोही। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के महुआरी गांव निवासी 25 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंदन हरिजन (25) पुत्र बाल केशव निवासी महुआरी, बृहस्पतिवार को किसी जरूरी काम से रेललाइन पार कर दूसरे गांव जा रहे थे। इसी दौरान सराय जगदीश रेलवे स्टेशन के समीप अचानक तेज रफ्तार से गुजर रही ट्रेन (गाड़ी संख्या 15004) की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर आरपीएफ टीम और गोपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार कुंदन घर से सामान्य रूप से निकले थे और कुछ ही देर बाद हादसे की खबर पहुंच गई, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक की असमय मौत से गांव में मातम का माहौल है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज शैलेश राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त क्षेत्र में लोग अक्सर रेललाइन पार करते हैं, लेकिन वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था या वैकल्पिक पारपथ (ओवरब्रिज/अंडरपास) नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं समय-समय पर होती रहती हैं। लोगों ने रेलवे प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सुरक्षित पारपथ की व्यवस्था कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाएं तो ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सकता है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।