निर्माणाधीन पुल से 50 फीट नीचे गिरा युवक, मौत
शृंगवेरपुर (प्रयागराज) में हादसा, गोपीगंज के रामपुर घाट निवासी अनूप निषाद की उपचार के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
लालानगर/गोपीगंज। Prayagraj जनपद के शृंगवेरपुर क्षेत्र में Ganga River पर बन रहे निर्माणाधीन पुल पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुल निर्माण कार्य के दौरान लगभग 50 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण गोपीगंज थाना क्षेत्र के रामपुर घाट निवासी अनूप कुमार निषाद (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों द्वारा तत्काल उन्हें उपचार के लिए स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मजदूरी करने गया था प्रयागराज
परिजनों और साथियों के अनुसार अनूप कुमार निषाद दो दिन पहले अपने कुछ साथियों के साथ शृंगवेरपुर में जीआर इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी द्वारा कराए जा रहे पक्का पुल निर्माण कार्य में मजदूरी करने गया था। सोमवार को कार्य के दौरान वह पुल के पिलर के ऊपरी हिस्से में लगे गार्डर के पास काम कर रहा था। इसी दौरान गार्डर का एक बोल्ट ढीला होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक नीचे गिर गया।
साथियों ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूर साथियों में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने बिना देर किए अनूप को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस हादसे ने मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
घर पहुंचा शव, गांव में पसरा मातम
सोमवार की रात जैसे ही अनूप का शव उसके पैतृक गांव रामपुर घाट पहुंचा, पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मंगलवार की सुबह गंगा तट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
परिवार का था सबसे बड़ा सहारा
बताया जाता है कि अनूप चार भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से उसी के कंधों पर थी। उसके पिता भी मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अनूप की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में भी गहरा शोक व्याप्त है।
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा व्यवस्था की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों और मजदूरों ने निर्माण कार्य स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कार्यस्थल पर सुरक्षा उपकरण और निगरानी बेहतर होती, तो इस तरह की दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
