भदोही की चार बेटियां अंतरराष्ट्रीय शतरंज में दिखाएंगी दम, कजाकिस्तान में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ज्ञानपुर (भदोही):
“इरादे मजबूत हों तो हालात भी रास्ता नहीं रोक पाते” — इस कहावत को भदोही की चार बेटियों ने सच कर दिखाया है। डीघ ब्लॉक के धनापुर उत्तरी कंपोजिट विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राएं वंशिका, आराधना, सुनैना और काजल अब कजाकिस्तान में होने वाली अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने जा रही हैं।

कजाकिस्तान के अल्माटी शहर में 6 से 11 अप्रैल तक आयोजित होने वाली वर्ल्ड स्कूल टीम चैंपियनशिप में दुनिया के करीब 20 देशों की 30 टीमें हिस्सा लेंगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भदोही की ये चारों बेटियां भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

रविवार को कक्षा छह की छात्रा सुनैना (12) और कक्षा आठ की छात्राएं वंशिका (12), आराधना (13) और काजल बाबतपुर एयरपोर्ट, वाराणसी से कजाकिस्तान के लिए रवाना हुईं। बेटियों के विदेश रवाना होने के दौरान परिवार और क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इन छात्राओं की सफलता की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि ये सभी साधारण और मेहनतकश परिवारों से आती हैं। वंशिका के पिता अरविंद कुमार सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि सुनैना के पिता बनारसी नाई का काम करते हैं। वहीं काजल के पिता राजदेव और आराधना के पिता शिवलाल कालीन बुनाई का कार्य करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद बेटियों ने अपने हुनर और मेहनत से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

बेटियों की इस उपलब्धि पर उनके परिवार के सदस्य बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। उनका कहना है कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद बेटियों ने पढ़ाई और शतरंज दोनों में कड़ी मेहनत की और आज यह मुकाम हासिल किया है।

श्रीजन हब फाउंडेशन के निदेशक अमन गुप्ता ने बताया कि वर्ल्ड चेस ऑर्गनाइजेशन द्वारा “चेस इन एजुकेशन” थीम के तहत इन चारों छात्राओं को वाइल्ड कार्ड एंट्री दी गई है। इससे पहले 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित महिला शतरंज प्रतियोगिता में करीब 200 खिलाड़ियों के बीच वंशिका, आराधना, सुनैना और काजल ने पहला स्थान हासिल किया था।

संस्था के मैनेजर प्रभात यादव ने बताया कि चारों छात्राएं पहली बार विदेश यात्रा पर जा रही हैं। उनके पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार कराने में जिलाधिकारी शैलेश कुमार का विशेष सहयोग मिला।

जिलाधिकारी ने भी चारों बेटियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता से जिले की अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles