भदोही, 02 अप्रैल 2026:
आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जनपद में प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने के लिए स्वगणना (Self-Enumeration) की व्यवस्था की गई है। इसके तहत नागरिक 7 मई से 21 मई 2026 के बीच घर बैठे स्वयं ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वगणना के बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है, जिसके आधार पर सरकार विभिन्न विकास योजनाओं और नीतियों का निर्धारण करती है। इसलिए सभी नागरिकों का इसमें सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
नागरिकों की सुविधा के लिए इस बार डिजिटल प्लेटफॉर्म का विशेष प्रावधान किया गया है। स्वगणना के लिए नागरिक se.censusindia.gov.in पोर्टल, मोबाइल ऐप तथा टोल-फ्री नंबर 1800-11-2027 के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान नागरिकों को अपने परिवार और आवास से संबंधित लगभग 33 प्रश्नों की जानकारी भरनी होगी।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद सिस्टम द्वारा 12 अंकों का एक यूनिक कोड जनरेट किया जाएगा। यह कोड जनगणना सत्यापन के लिए महत्वपूर्ण होगा और इसे संबंधित सुपरवाइजर या प्रगणक को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा, ताकि घर-घर सत्यापन के समय रिकॉर्ड को आसानी से मिलान किया जा सके।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रशासनिक एवं चार्ज अधिकारियों के एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रगणकों और सुपरवाइजरों की नियुक्ति तथा प्रशिक्षण की प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह के अंत तक सभी प्रशिक्षण कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि मई से शुरू होने वाली प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि वे इस कार्य को पूरी गंभीरता से लें और जनगणना से जुड़ी सभी तकनीकी प्रक्रियाओं को भली-भांति समझें। यदि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी कठिनाई सामने आती है तो प्रशिक्षकों से तत्काल समाधान प्राप्त करें।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक स्वगणना प्रक्रिया का लाभ उठाते हुए स्वयं पंजीकरण कर सकें।
उन्होंने कहा कि “जनगणना का उद्देश्य केवल आंकड़े जुटाना नहीं, बल्कि इन आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास और अन्य विकास योजनाओं को सही दिशा देना है। इसलिए यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराए।”
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, समस्त उपजिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

