ज्ञानपुर (भदोही):
जनपद में रसोई गैस की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही खबरों को लेकर जिलाधिकारी Shailesh Kumar ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि भ्रामक और अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें तथा ऐसी अफवाहों को फैलाने से बचें।
जिलाधिकारी ने बताया कि हाल के दिनों में कुछ सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर रसोई गैस की कमी को लेकर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिससे आम जनता में अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति की व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है और जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमित रूप से उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें।
डीएम ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर की आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह तत्काल संबंधित एजेंसी या प्रशासन को इसकी सूचना दे सकता है, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से यह भी अपील की कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट खबरों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि जनहित में शांति और व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, इसलिए अफवाहों से बचना और दूसरों को भी जागरूक करना आवश्यक है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।