भदोही में 25 किमी साइकिल यात्रा, युवाओं ने दिया स्वास्थ्य का संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही।
स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से भदोही साइकिलिंग क्लब की ओर से रविवार को 25 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। क्लब के अध्यक्ष अताउल मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में निकाली गई इस साइकिल यात्रा में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

साइकिल यात्रा को गोपीगंज राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बड़ा चौराहे से डॉ. एसएस यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज के समय में भागदौड़ भरी जिंदगी और बदलती जीवनशैली के कारण लोग शारीरिक गतिविधियों से दूर होते जा रहे हैं, जिसका असर स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। ऐसे में साइकिल चलाना, योग और नियमित व्यायाम करना बेहद जरूरी है। इससे न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि आसपास के छोटे-छोटे कार्यों के लिए साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग करें। इससे पेट्रोल और डीजल की खपत कम होगी, पर्यावरण प्रदूषण घटेगा और लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। उन्होंने भदोही साइकिलिंग क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।

साइकिल यात्रा बड़ा चौराहा गोपीगंज से शुरू होकर अमवा, माधोपुर, चक दफ्तर बंद, हीराचक डेहरिया, सारीपुर, लोहरा खास, दीवानपुर, जोहरपुर, झिलियापुल और गोपपुर सहित कई गांवों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ साइकिल चलाते हुए लोगों को फिट रहने और साइकिल अपनाने के लिए प्रेरित किया। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने साइकिल यात्रियों का उत्साहवर्धन भी किया।

करीब 25 किलोमीटर की यह यात्रा पर्वतपुर गांव पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने भविष्य में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

साइकिल यात्रा में अजय कुमार, अनामिका बिंद, प्रवीण श्रीवास्तव, योगेश कुमार, परवेज खान, बेचन सिंह, जगदीश यादव, बनारसी बिंद, प्रमोद मौर्य, रितिक कनौजिया, हिमांशु चौधरी, विकी सोनी, आर्या, मानसी यादव, सबा बानो, खुशी यादव सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles