भदोही में PWD कर्मचारी फंदे से लटका मिला, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका; प्रेमिका और उसके भाई पर आरोप
भदोही। जिले के कोतवाली क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक कर्मचारी का संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने मृतक की प्रेमिका, उसकी मां और भाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के रामपुर घाट निवासी सुरेंद्र वर्मा (30) पुत्र स्वर्गीय लल्लन वर्मा लोक निर्माण विभाग में कर्मचारी थे। देर रात गांव के बाहर स्थित उनके निजी मकान के एक कमरे में उनका शव फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
परिजनों ने तुरंत सुरेंद्र को फंदे से उतारकर पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक के बड़े भाई जितेंद्र वर्मा ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि रात करीब 12:30 बजे पड़ोसी से सूचना मिली कि उसका भाई अपने कमरे में फांसी के फंदे पर झूल रहा है। जब वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि उसका भाई कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ था।
परिजनों का आरोप है कि गांव की ही एक युवती से सुरेंद्र का प्रेम संबंध चल रहा था। पड़ोसियों ने बताया कि उक्त युवती और उसकी मां ने ही पहले लोगों को यह जानकारी दी कि सुरेंद्र फंदे से लटका हुआ है और इसके बाद वहां से चली गईं। इस पर मृतक के भाई ने आशंका जताई है कि सुरेंद्र की हत्या कर उसे फंदे से लटका दिया गया है।
मृतक के भाई ने पुलिस से मांग की है कि प्रेमिका, उसकी मां और उसके भाई के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।
परिवार के लोगों के अनुसार सुरेंद्र वर्मा तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी। उसकी मां आंखों से दिव्यांग हैं और परिवार का खर्च मुख्य रूप से सुरेंद्र की आय से ही चलता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी शैलेश राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
