सराफा कारोबारी से 75 हजार रुपये की उचक्कागिरी, ऑनलाइन भुगतान का झांसा देकर जेवर ले उड़े आरोपी
गोपीगंज (भदोही): क्षेत्र के सीखापुर बाजार में शुक्रवार की शाम उचक्कागिरी की बड़ी घटना सामने आई है। बाइक सवार दो युवकों ने ऑनलाइन भुगतान करने का झांसा देकर एक सराफा कारोबारी से करीब 75 हजार रुपये के जेवरात हड़प लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बाजार में दहशत का माहौल है।
सीखापुर निवासी सराफा कारोबारी गोपाल सेठ की बाजार में आभूषणों की दुकान है। पीड़ित के अनुसार, शुक्रवार की शाम दो युवक बाइक से दुकान पर पहुंचे और खुद को ग्राहक बताते हुए जेवर देखने लगे। युवकों ने दो टप्स, मीना तथा दो जोड़ी पायल की मांग की। सभी आभूषणों की कुल कीमत 74,400 रुपये बताई गई।
गूगल पे भुगतान का झांसा
युवकों ने नकद भुगतान न कर गूगल पे से पैसा ट्रांसफर करने की बात कही। इस पर कारोबारी ने अपने बेटे को फोन कर बात कराई। कुछ देर बाद युवकों ने दावा किया कि भुगतान कर दिया गया है। जैसे ही कारोबारी ने बेटे के मोबाइल नंबर पर कॉल मिलाकर भुगतान की पुष्टि करनी चाही, तभी दोनों युवक बाइक स्टार्ट कर तेज रफ्तार में फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। गोपीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि मामले की सूचना प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
व्यापारियों में आक्रोश
घटना के बाद सीखापुर बाजार के व्यापारियों में रोष है। सराफा कारोबारियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और उचक्कों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

