पीडीए वोटों की हेराफेरी का तरीका ढूंढ रही है भाजपा : श्यामलाल पाल
कौलापुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा पर पीडीए समाज के वोटों में हेराफेरी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान फॉर्म-7 के माध्यम से पीडीए वर्ग के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन यह साजिश उजागर हो चुकी है।
श्यामलाल पाल बुधवार को गोपीगंज स्थित मिर्जापुर तिराहे पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा की जा रही वोटों की चोरी को लेकर चुनाव आयोग ने भी संज्ञान लिया है, जो इस बात का प्रमाण है कि शिकायतें निराधार नहीं हैं। उन्होंने पीडीए प्रहरियों से आह्वान किया कि वे मतदाता सूची पर लगातार नजर रखें और किसी भी गड़बड़ी की तुरंत सूचना दें।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा वोटों की हेराफेरी के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। फॉर्म-7 के माध्यम से वोट कटवाने का मामला सामने आने के बाद अब भाजपा नए हथकंडे अपनाने की कोशिश कर सकती है। ऐसे में लोकतंत्र की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता सजग और सक्रिय रहेगा।
उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो चुकी है। बेरोजगारी चरम पर है, महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और युवा, छात्र, व्यापारी, महिलाएं सभी वर्ग परेशान हैं। सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं से ध्यान हटाकर केवल सत्ता बचाने में लगी हुई है।
श्यामलाल पाल ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को पूर्ण बहुमत देकर सत्ता में लाएगी और एक बार फिर सामाजिक न्याय की सरकार बनेगी।
इससे पहले मिर्जापुर जाते समय गोपीगंज में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर ह्रदय नारायण प्रजापति, राजेंद्र दूबे, संतोष यादव, अनिल यादव, सरिता बिंद, पंचलाल सरोज, दिलीप कन्नौजिया, करिया पाल, अशोक मुन्ना सिंह, मो. सालिम, धर्मेंद्र मिश्र सहित बड़ी संख्या में सपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



