एसआईआर: भदोही में सबसे ज्यादा 17,809 लोगों ने भरा फॉर्म-6
ज्ञानपुर।
निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया तेज हो गई है। आलेख्य प्रकाशन के बाद नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम काटने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरे जा रहे हैं। विशेष अभियान समेत अन्य दिनों को मिलाकर अब तक जिले में 46,861 फॉर्म-6 ऑनलाइन व ऑफलाइन भरे जा चुके हैं।
निर्वाचन विभाग के अनुसार नाम काटने के लिए एक हजार से कम फॉर्म-7, जबकि संशोधन के लिए 9,306 फॉर्म-8 भरे गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रही एसआईआर प्रक्रिया के तहत पिछले दिनों मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन किया गया था, जिसमें जिले में करीब 43 हजार मतदाता ‘नो मैपिंग’ श्रेणी में पाए गए। साथ ही बड़ी संख्या में मृतक और स्थानांतरित (शिफ्टेड) मतदाता भी सामने आए।
बूथों पर चला विशेष अभियान
इसके बाद पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए आयोग के निर्देश पर सभी बूथों पर विशेष अभियान चलाया गया। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) ने मतदाता सूची पढ़कर सुनाई और जिन लोगों का नाम सूची में नहीं था, उनका फॉर्म-6 भरवाकर नाम शामिल किया गया।
‘नो मैपिंग’ श्रेणी में आए मतदाताओं को नोटिस जारी कर तहसील, ब्लॉक, नगर पालिका व नगर पंचायत कार्यालयों पर बुलाया जा रहा है। प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक ईआरओ और अतिरिक्त एईआरओ की तैनाती की गई है।
भदोही विधानसभा अव्वल
अब तक ज्ञानपुर, भदोही और औराई विधानसभा क्षेत्रों में कुल 46,861 लोगों ने वोटर बनने के लिए फॉर्म-6 भरा है।
-
भदोही विधानसभा: 17,809
-
ज्ञानपुर विधानसभा: 14,459
-
औराई विधानसभा: 14,593
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 फरवरी तक 46,861 फॉर्म-6, 955 फॉर्म-7 और 9,306 फॉर्म-8 भरे जा चुके हैं। आयोग की ओर से 6 फरवरी तक फॉर्म-6 भरने के निर्देश दिए गए हैं।
43,696 मतदाताओं को भेजा गया नोटिस
विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची की मैपिंग से वंचित रह गए 43,696 मतदाताओं को नोटिस भेजा गया है। संबंधित कार्यालयों पर उनकी सुनवाई की जा रही है। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को 27 फरवरी तक निर्धारित विकल्पों के साथ अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी।
करीब डेढ़ महीने में दावा-आपत्ति का निस्तारण कर 6 मार्च तक अनंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। इच्छुक नागरिक बीएलओ के पास फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं, वहीं ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने बताया कि अब तक 46,861 लोग फॉर्म-6 भर चुके हैं और आने वाले दिनों में नए मतदाताओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



