गल्ला मंडी में नाली निर्माण शुरू, आवागमन बाधित
लालानगर।
गोपीगंज नगर की गल्ला मंडी क्षेत्र में बुधवार से नाली निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है। लंबे समय से जलभराव और गंदे पानी की निकासी की समस्या से जूझ रहे व्यापारियों व स्थानीय निवासियों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर संतोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि नाली बनने से बारिश के दिनों में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
हालांकि निर्माण कार्य के चलते पश्चिम पटरी की ओर नाली की खुदाई किए जाने से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। इससे गल्ला मंडी से होकर भगवतपुर, छोटी चौराहा, ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन और रामपुर घाट जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। विशेषकर सुबह और शाम के समय यात्रियों, व्यापारियों तथा स्कूली बच्चों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी भी सामने आई है। भाजपा नेता मोहन मुरारी बरनवाल, बाबूलाल मोदनवाल, संतोष गुप्ता, बीनू गुप्ता और अनिल जायसवाल सहित अन्य लोगों ने ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना समुचित वैकल्पिक व्यवस्था किए सड़क खोद दी गई है। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और नियोजन की जांच कराए जाने की मांग प्रशासन से की है।
इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामबचन यादव ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि नाली निर्माण कार्य शासन के निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा और लोगों को राहत मिलेगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



