10 महीने से खोदकर छोड़ी गई सड़क बनी मुसीबत, लोहिया नगर के लोगों में आक्रोश
नई बाजार।
नगर के वार्ड संख्या पांच स्थित लोहिया नगर में पिछले करीब दस महीनों से सड़क खोदकर छोड़ दिए जाने से आमजन का जीवन प्रभावित हो गया है। भूमिगत नाली निर्माण के नाम पर खोदी गई सड़क का काम अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे क्षेत्र में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार नाली निर्माण का कार्य तो महीनों पहले पूरा हो चुका है, लेकिन सड़क का पुनर्निर्माण अब तक नहीं कराया गया। इससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। विशेषकर बरसात के दिनों में कीचड़ और फिसलन के कारण लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं।
वार्ड निवासी महेंद्र साहू, आशीष, राजीव, कैलाश चौहान और तेजबली यादव ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता जानलेवा बन गया है।
व्यापार पर पड़ा सीधा असर
यह मार्ग जौनपुर जिले के नई बाजार नगर को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। इसी मार्ग से राइपुर, फिफियौना, भानपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोग खरीदारी के लिए नई बाजार पहुंचते हैं। त्योहारों और शादी-विवाह के मौसम में बाजार में विशेष भीड़ रहती थी, लेकिन सड़क की खराब हालत के चलते अब लोग वैकल्पिक मार्गों का सहारा ले रहे हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों की बिक्री में गिरावट आई है।
शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार नगर प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रशासन का पक्ष
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। शासन से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
