दो दिनों में तापमान में 2 डिग्री की गिरावट के आसार, ठंड और कोहरे का बढ़ेगा असर
ज्ञानपुर।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ दिखाई देने लगा है। जनपद में बीते तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में स्थिरता नहीं रह पा रही है और ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
बृहस्पतिवार को दिनभर बादलों के जमघट के बीच धूप-छांव की लुकाछिपी चलती रही। करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवाओं ने ठंड का अहसास और बढ़ा दिया। खासकर सुबह और शाम के समय लोगों को सर्दी का अधिक एहसास हुआ।
कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि हवाओं में नमी बनी हुई है। इसी वजह से आने वाले दो दिनों में दिन और रात के तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज किए जाने का अनुमान है। तापमान गिरने से ठंड और तेज होगी।
उन्होंने बताया कि सोमवार से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। इसका प्रभाव मंगलवार और बुधवार को जनपद में दिखा, जब पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। बृहस्पतिवार को भी यही स्थिति बनी रही और सूर्य देव बादलों के बीच आंख-मिचौली खेलते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को जनपद का अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आने वाले कुछ दिनों में सुबह के समय घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।
किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों की निगरानी करने की सलाह दी है। तापमान में गिरावट और नमी बढ़ने से सब्जियों व रबी की फसलों पर असर पड़ सकता है। वहीं आमजन को सुबह और रात के समय गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने और कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
