739 स्कूलों में छात्रों का मूल्यांकन करेंगी 74 टीमें
ज्ञानपुर।
प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बच्चों के शैक्षिक स्तर के आकलन और निपुण विद्यालय मूल्यांकन के लिए जिले में 74 टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में शामिल 148 डायट प्रशिक्षु प्रतिदिन दो से तीन विद्यालयों में पहुंचकर छात्रों का मूल्यांकन करेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शिवम पांडेय ने डायट प्रशिक्षुओं की बैठक ली। बैठक में उन्होंने तय समय-सीमा के भीतर सभी विद्यालयों का निपुण आकलन पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बीएसए ने बताया कि जिले के कुल 739 परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक और दो के छात्रों के शैक्षिक स्तर का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों की पठन, लेखन एवं संख्यात्मक दक्षता का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा। जिले के 150 विद्यालय पहले ही निपुण घोषित किए जा चुके हैं, जबकि शेष विद्यालयों में निपुण लक्ष्य को पूरा कराया जाना है।
निपुण विद्यालय आकलन के लिए गठित 74 टीमों में 148 डायट प्रशिक्षुओं को शामिल किया गया है। ये टीमें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विद्यालयों में जाकर छात्रों का मूल्यांकन करेंगी।
बीएसए शिवम पांडेय ने प्रशिक्षुओं से कहा कि निपुण विद्यालय आकलन शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य बच्चों के वास्तविक शैक्षिक स्तर की पहचान करना है। उन्होंने आकलन कार्य को ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न करने का आह्वान किया।
साथ ही सभी शिक्षकों से भी अपील की गई कि वे आकलन प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग प्रदान करें और शुचिता के साथ मूल्यांकन कार्य कराएं। बीएसए ने बताया कि आकलन प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए निपुण लक्ष्य एप के माध्यम से मूल्यांकन किया जाएगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
